देवास में दर्दनाक हादसा: अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव TI दिलीप पुरी को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की नेमावर रोड स्थित इंदौर-बैतूल हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे पुलिस टीम के साथ अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए वाहन चेकिंग कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्यरात्रि में खातेगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर-बैतूल हाईवे से अवैध शराब की तस्करी करने वाला वाहन गुजरने वाला है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी दिलीप पुरी चार पुलिस जवानों के साथ वाहन को रोकने के लिए हाईवे पर पहुंचे।
इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। आरोप है कि तेज रफ्तार ट्रक ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। देवास पुलिस अधीक्षक के भी घटनास्थल के लिए रवाना होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल की उपलब्धता और हाईवे पर वाहनों की जांच के दौरान सुरक्षा संसाधनों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों, वाहन और चालक की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की असमय मौत से पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
रिपोर्ट : श्रीकांत पुरोहित, देवास।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..
#DewasNews #DilipPuri #Khategaon #MPNews #MadhyaPradesh #AdarshNews