सीहोर में कुएं से मिला 38 वर्षीय महिला का शव, परिजनों ने पति और सास पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

सीहोर। शहर के कोली मोहल्ला गंज क्षेत्र में सोमवार सुबह कुएं से एक 38 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान दीपा शाक्य, पति गोपाल शाक्य, उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई है। दीपा मूल रूप से रायसेन जिले के दीवानगंज निवासी कालूराम की पुत्री थीं। करीब 15 साल पहले उनका विवाह गोपाल शाक्य से हुआ था।
जानकारी के अनुसार, दीपा रविवार रात करीब 8 बजे से घर से लापता थीं। सोमवार सुबह उनका शव कुएं में मिला। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के चारों भाई टीकाराम, शंकरलाल, संजय और हरी शाक्य सीहोर पहुंचे।
वहीं, परिजनों ने पति और सास पर दीपा को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
Adarsh News | MP-CG | खबरें दिल से..