दीपावली से पहले देवास ट्रैफिक पुलिस एक्शन मोड में, MG रोड से अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम

देवास। दीपावली पर्व से पहले शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में यातायात डीएसपी कविता डामोर ने शहर के प्रमुख बाजार एमजी रोड पहुंचकर निरीक्षण किया और व्यापारियों एवं दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दुकानों के बाहर 5 से 7 फीट तक अतिक्रमण
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि एमजी रोड पर कुछ व्यापारियों और दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर 5 से 7 फीट तक रेलिंग लगाकर अतिक्रमण कर रखा है। इसके अलावा सड़क पर वाहनों की पार्किंग भी कराई जा रही थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

यातायात डीएसपी कविता डामोर ने मौके पर व्यापारियों और दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने तथा सड़क को खाली रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दुकानदारों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया तो अगले दिन कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का उद्देश्य दीपावली के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना और आम लोगों को आवागमन में परेशानी से बचाना है।
रिपोर्ट : गौरव व्यास, देवास।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..