श्योपुर में दर्दनाक हादसा: घर में सो रही दो मासूम बहनों को सांप ने डंसा, दोनों की मौत

श्योपुर। जिले के बड़ौदा थाना क्षेत्र के गलमान्या गांव में दर्दनाक हादसा सामने आया है। घर में अपनी मां के साथ सो रही दो सगी बहनों को जहरीले सांप ने डस लिया। हादसे में 4 वर्षीय पूर्ति बैरवा और 8 माह की मीनाक्षी बैरवा की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार घटना 27 सितंबर की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की है। परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान सांप ने पहले 4 वर्षीय पूर्ति को डसा। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन जागे। इसी दौरान पास में सो रही उसकी छोटी बहन मीनाक्षी को भी सांप ने डस लिया।
परिजन दोनों बच्चियों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो मासूम बेटियों की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद पूरे गांव में भी मातम का माहौल है।

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
बड़ौदा थाना प्रभारी रामनिवास नागर के अनुसार, दोनों बच्चियां अपनी मां के साथ सो रही थीं। सर्पदंश के बाद उनकी मौत हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिए।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : आशीष चौरसिया, श्योपुर
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..