ओबेदुल्लागंज में खेत में मिला बाघ का शव, करंट लगने की आशंका; वन विभाग की जांच जारी

ओबेदुल्लागंज। वन मंडल ओबेदुल्लागंज के दाहोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम दाहोद के राजस्व क्षेत्र में धान के खेत में बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। 28 सितंबर 2026 को बाघ का शव मिलने की सूचना वन अमले को दी गई, जिसके बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल को चारों ओर से सुरक्षित कर डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग कराई। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 42316/03, दिनांक 28 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है।
करंट लगने की आशंका
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सूर्यास्त होने के कारण बाघ के शव का पोस्टमार्टम नहीं किया जा सका। प्रारंभिक जांच में बाघ की मौत संभावित रूप से करंट लगने से होने की आशंका जताई गई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
वन विभाग द्वारा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खेत में करंट की स्थिति कैसे बनी और घटना के पीछे किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं।

मौके पर मौजूद रहा वन अमला
घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर वन संरक्षक भोपाल वृत्त भोपाल, वन मंडल अधिकारी ओबेदुल्लागंज, रातापानी टाइगर रिजर्व के अधीक्षक डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
फिलहाल वन विभाग ने मामले की जांच जारी रखी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही बाघ की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट : हरनाम सिंह, ओबेदुल्लागंज
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..