सीहोर पुलिस का बड़ा अभियान: 78 लाख के 493 गुम मोबाइल खोजकर मालिकों को लौटाए

सीहोर। नवरात्रि के अवसर पर सीहोर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश कर रहे नागरिकों को बड़ी राहत दी है। जिला पुलिस ने करीब 78 लाख रुपये कीमत के 493 मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए। लंबे समय से अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को जब फोन वापस मिले, तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
जिला पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के निर्देशन में जिला साइबर सेल एवं जिले के विभिन्न थानों की टीमों ने संयुक्त प्रयास कर यह कार्रवाई की।
260 मोबाइल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लौटाए

पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नागरिकों को बुलाकर 260 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। वहीं, शेष 233 मोबाइल फोन संबंधित थाना स्तर पर नागरिकों को वापस किए गए।
इस तरह कुल 493 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 78 लाख रुपये है, सुरक्षित रूप से खोजकर उनके मालिकों तक पहुंचाए गए।
साइबर सेल और थाना टीमों की अहम भूमिका
गुम मोबाइल फोन खोजने के अभियान में जिला साइबर सेल और जिले के सभी थानों की विशेष टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने सीहोर पुलिस की कार्रवाई के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अभियान में साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक सुशील कुमार साल्वे, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र सिंह राजपूत, आरक्षक अभिषेक चौहान, तरुण राठौर, अर्पित गुप्ता और जितेन्द्र राजपूत सहित विभिन्न थानों की टीमों का योगदान रहा।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..