शाजापुर: चोरी के मामले में 7 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार, 75 हजार रुपये का सामान बरामद

शाजापुर। मोहन बड़ोदिया पुलिस ने चोरी के एक मामले में करीब सात माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई पोकलेन मशीन का रीडिंग मीटर और चाबी, जिनकी कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की है।
पोकलेन मशीन का मीटर और चाबी चोरी कर हुआ था फरार
पुलिस के अनुसार, आनंदीखेड़ी निवासी जाहिद पिता मसीद खां ने 22 अप्रैल 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 19 और 20 अप्रैल की दरमियानी रात उनकी पोकलेन मशीन का ड्राइवर परवेज मशीन का रीडिंग मीटर और चाबी चोरी कर फरार हो गया था।
फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 110/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 306 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर मंदसौर से गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह तारणेकर और एसडीओपी कीर्ति बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीषा शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर से मिली सूचना और शाजापुर साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी मोहम्मद परवेज पिता शेख निशार, उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 7, ग्राम अड्डा अंचल, थाना आदापुर, जिला मोतिहारी (बिहार) को मंदसौर जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी से चोरी गया पोकलेन मशीन का रीडिंग मीटर और चाबी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीषा शर्मा, उपनिरीक्षक दिलीप भिलाला, प्रधान आरक्षक हेमंत सिंह जादौन, आरक्षक शिवचरण दांगी, रामेश्वर दांगी, जीवन सिंह राजपूत और शाजापुर साइबर सेल के आरक्षक घनश्याम राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट : लोकेश जैन, शाजापुर।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..