सीहोर में गरबा प्रशिक्षण को लेकर उत्साह, 3 हजार से अधिक बालिकाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

सीहोर। क्रिसेंट गरबा महोत्सव को लेकर जिले की बालिकाओं और महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शुक्रवार शाम तक 3 हजार से अधिक महिलाओं और बालिकाओं ने गरबा प्रशिक्षण के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। अरुणा सुदेश राय प्रतिभा निखार मंच द्वारा बालिकाओं और महिलाओं को निशुल्क गरबा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आवासीय खेलकूद मैदान स्थित मल्टीपरपज हॉल में दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक अलग-अलग बैच में लगातार गरबा प्रशिक्षण चल रहा है। रोजाना प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने में असमर्थ बालिकाएं और महिलाएं ऑनलाइन वीडियो के माध्यम से भी गरबा सीख रही हैं।
फेसबुक और व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए भी प्रशिक्षण

बालिकाओं की सुविधा के लिए अरुणा सुदेश राय प्रतिभा निखार मंच द्वारा फेसबुक और व्हाट्सऐप ग्रुप बनाए गए हैं। इन माध्यमों से प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी और विभिन्न कार्यक्रमों की सूचनाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विधायक और समाजसेविका बढ़ा रहे बालिकाओं का उत्साह

विधायक सुदेश राय और समाजसेविका अरुणा राय प्रतिदिन प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर गरबा सीख रही बालिकाओं का उत्साह बढ़ा रहे हैं। मल्टीपरपज हॉल और मैदान में प्रशिक्षण के दौरान पारिवारिक माहौल बना हुआ है।
रविवार को होगा सामूहिक गरबा
आयोजक अरुणा सुदेश राय ने बताया कि रविवार को अलग-अलग बैच में प्रशिक्षण लेने वाली बालिकाएं एक साथ आवासीय खेलकूद मैदान पर एकत्रित होंगी। इस दौरान आदिशक्ति भवानी की आराधना के साथ सामूहिक गरबा किया जाएगा।
गरबा प्रशिक्षण को लेकर बालिकाओं और महिलाओं में लगातार उत्साह बढ़ रहा है। बढ़ती संख्या को देखते हुए फिलहाल रजिस्ट्रेशन रोक दिए गए हैं, हालांकि आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं के पास नए रजिस्ट्रेशन के लिए लगातार अनुरोध पहुंच रहे हैं।