श्योपुर में दो युवतियों से मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार; दो की तलाश जारी

श्योपुर। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में दो युवतियों के साथ कथित मारपीट और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना देहात थाना क्षेत्र के रूपनगर तिराहे के पास की बताई जा रही है। आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने युवतियों का रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट और छेड़छाड़ की। युवतियों ने साहस दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर एफआईआर दर्ज की है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
चूड़े बेचकर गांव लौट रही थीं युवतियां
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 5:30 बजे की है। दोनों युवतियां श्योपुर में हाथ के चूड़े बेचने के बाद अपने गांव रायपुरा और सोई की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान रूपनगर तिराहे के पास बाइक सवार तीन युवकों ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोक लिया।
युवतियों ने पुलिस को दिए बयान में मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। घटना के दौरान उन्होंने एक युवक को पकड़ लिया और ग्रामीणों की मदद से पुलिस के हवाले कर दिया।
एक आरोपी हिरासत में, दो की तलाश
पकड़े गए आरोपी की पहचान अरसफ मुसलमान, निवासी बालापुरा, थाना कोतवाली क्षेत्र के रूप में बताई गई है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदू समाज के लोगों ने की कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी सामने आने के बाद हिंदू समाज के लोग देहात थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
पुलिस अधिकारियों का बयान
मामले को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलखन नापाखेड़ली और एसडीओपी आनंद राय के बयान भी लिए गए हैं। पुलिस जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
रिपोर्ट : आशीष चौरसिया, श्योपुर।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..