हरदा में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त

हरदा। जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने टिमरनी तहसील के छीपानेर और बिरजाखेड़ी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। दोनों वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
सोनखेड़ी-छीपानेर मार्ग पर पकड़ा ट्रैक्टर
जिला खनिज अधिकारी प्रगति सोनवाने और विभागीय टीम ने सोनखेड़ी-छीपानेर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP47ZF4525 को रेत का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा। वाहन चालक सौरभ काछी निवासी पोखरनी, तहसील खिरकिया से संबंधित वाहन को जब्त कर सिटी कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया।
पूछताछ में चालक ने ट्रैक्टर मालिक का नाम अनिल गुर्जर, निवासी ग्राम हीरापुर, तहसील हंडिया बताया।
शिकायत के बाद दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

इसी तरह, 14 अक्टूबर 2026 को दूरभाष पर मिली शिकायत के आधार पर सहायक खनिज अधिकारी चैनसिंह डामोर और खनिज विभाग की टीम ने छीपानेर-बिरजाखेड़ी क्षेत्र में एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा।
यह ट्रैक्टर-ट्रॉली सोनालिका कंपनी की नीले रंग की गाड़ी है। इस पर नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि इसका चेचिस नंबर CZCDE460202S3 बताया गया है। विभागीय टीम ने वाहन जब्त कर टिमरनी पुलिस थाने की चौकी में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा कराया।
खनिज नियमों के तहत होगी आगे की कार्रवाई
खनिज विभाग के अनुसार, दोनों मामलों में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई प्रस्तावित है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट : गोपाल शुक्ला, हरदा।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..