देवास जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं, 114 आवेदन प्राप्त

देवास। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनसुनवाई में कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मौके पर अधिकारियों को सौंपे आवेदन
कलेक्टर श्रीमती मीना ने जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के जिला अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आवेदकों के आवेदन सौंपे। उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर तत्काल किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इन समस्याओं को लेकर पहुंचे आवेदक

जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, कृषि भूमि का सीमांकन, बैंक खाते में जमा राशि दिलाने, जलकर में रियायत, बिजली बिल कम कराने और पेंशन शुरू कराने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, नामांकन, भूमि बंटवारा, रास्ते से अतिक्रमण हटवाने, कृषि भूमि का नामांतरण कराने और नालियों की साफ-सफाई जैसी समस्याएं भी नागरिकों ने अधिकारियों के सामने रखीं।
जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रिपोर्ट : मकबूल पटेल, सोनकच्छ।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..