देवास में शराब तस्करों ने TI दिलीप पुरी को वाहन से कुचला, मौके पर मौत; पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

देवास। जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी की वाहन से कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद वे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान शराब से भरे एक आईशर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक ने तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए थाना प्रभारी को कुचल दिया। हादसे में दिलीप पुरी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। देवास एसपी आदित्य मिश्रा भी देर रात खातेगांव पहुंचे। परिजनों को घटना की सूचना दी गई। पोस्टमार्टम के बाद थाना प्रभारी का पार्थिव शरीर उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किया गया।

इस घटना ने जिले में अवैध शराब कारोबार और पुलिस की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले देवास जिले के ग्राम चंदाना में कथित जहरीली अवैध शराब से 15 से 20 लोगों की मौत होने की बात सामने आई थी।
बताया जा रहा है कि शराब से भरा वाहन हरदा के किसी जायसवाल से जुड़ा हुआ था और अवैध रूप से शराब लेकर आ रहा था। हालांकि, इस संबंध में संबंधित व्यक्ति की भूमिका और वाहन में शराब की वास्तविक स्थिति की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
एक पुलिस अधिकारी की ड्यूटी के दौरान हुई इस दर्दनाक मौत से पूरे पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..