खरगोन में दिनदहाड़े चोरी: साड़ी व्यापारियों के कमरे से 39 हजार रुपये गायब

खरगोन। शहर में मोहन टॉकीज के पीछे किराए के मकान में रह रहे साड़ी व्यापारियों के कमरे में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 30 हजार रुपये और गल्ले में रखे 9 हजार रुपये, कुल 39 हजार रुपये ले गए। देर रात काम से लौटने पर व्यापारियों को चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मुजफ्फरनगर से खरगोन आकर कर रहे थे कारोबार
पीड़ित मोहम्मद आरिफ और उनके साथी मोहम्मद रिजवान ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले हैं। करीब एक महीने पहले खरगोन में किराए का मकान लेकर साड़ी का कारोबार शुरू किया था।
उन्होंने बताया कि रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे वे कारोबार के सिलसिले में बाहर गए थे। कमरे में ताला लगाकर निकले थे। देर रात लौटे तो ताला टूटा हुआ मिला और कमरे का सामान बिखरा पड़ा था।
मेहनत की कमाई चोरी होने से परेशान व्यापारी
पीड़ितों के अनुसार, चोर अलमारी में रखे 30 हजार रुपये और गल्ले में रखे 9 हजार रुपये ले गए। कुल 39 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। मोहम्मद आरिफ ने बताया कि वे कुछ पैसे कमाने के लिए खरगोन आए थे और घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन चोरी की घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर खरगोन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल चोरों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट : महेश आमोदे, खरगोन।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..