टीबी रोग मुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों का जिला अस्पताल में सम्मान

सीहोर। टीबी रोग मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत गुरुवार को जिला अस्पताल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टीबी रोग मुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सुदेश राय और सिविल सर्जन यूके श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम में टीबी रोग मुक्त भारत अभियान के जिला प्रभारी डॉ. जागेश्वर दयाल ने अभियान और टीबी की रोकथाम एवं उपचार को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
अस्पतालों में दवाइयां उपलब्ध होने की जानकारी

कार्यक्रम में मौजूद सरपंचों, टीबी का उपचार करा रहे मरीजों और उनके परिजनों को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा कि टीबी को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में टीबी मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हैं।
विधायक ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदेश राय ने जिला अस्पताल के विभिन्न चिकित्सा विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों, मरीजों और उनके परिजनों से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया।
विधायक ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी कैंटीन पहुंचकर देखी और कैंटीन संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..