एक तरफ डांडिया, दूसरी तरफ बॉक्सिंग-जूडो कराते की प्रैक्टिस, आवासीय खेलकूद मैदान में दिखा अनोखा नजारा

सीहोर। आवासीय खेलकूद मैदान में इन दिनों एक अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। एक मल्टीपरपज हॉल में जहां बड़ी संख्या में बालिकाएं और महिलाएं गरबा की प्रैक्टिस कर रही हैं, वहीं पास के दूसरे हॉल और मैदान में शहर सहित प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आए खिलाड़ी जूडो-कराते, बॉक्सिंग और कुश्ती का अभ्यास कर रहे हैं। खास बात यह है कि दोनों गतिविधियों के बीच किसी तरह की परेशानी या असुविधा नहीं हो रही है।

खिलाड़ियों का कहना है कि गरबा और खेलों की प्रैक्टिस का समय अलग-अलग है, इसलिए दोनों गतिविधियां आसानी से चल रही हैं। जूडो-कराते की प्रैक्टिस कर रही खिलाड़ियों ने बताया कि अभ्यास पूरा करने के बाद वे गरबा देखने भी पहुंचती हैं। उनका कहना है कि इससे थकान भी कम महसूस होती है और मनोरंजन भी हो जाता है।
वहीं बॉक्सिंग की प्रैक्टिस कर रहे खिलाड़ियों ने कहा कि गरबा भारतीय संस्कृति का हिस्सा है। वे भी माता रानी में आस्था रखते हैं और गरबा करने वाली बालिकाओं को अपनी बहनों की तरह मानते हैं। इसलिए उन्हें गरबा प्रशिक्षण से किसी तरह की परेशानी नहीं है।
3 हजार से अधिक बालिकाएं ले रहीं प्रशिक्षण
उल्लेखनीय है कि अरुणा सुदेश राय प्रतिभा निखार मंच द्वारा आवासीय खेलकूद मैदान में क्रिसेंट गरबा महोत्सव के तहत निशुल्क गरबा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें 3 हजार से अधिक बालिकाएं प्रशिक्षण ले रही हैं। शाम 5 बजे के बाद गरबा प्रशिक्षण शुरू किया जाता है।
समाजसेविका अरुणा राय और विधायक सुदेश राय द्वारा प्रशिक्षण में शामिल बालिकाओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बढ़ती संख्या को देखते हुए फिलहाल रजिस्ट्रेशन रोक दिए गए हैं, बावजूद इसके नए रजिस्ट्रेशन के लिए लगातार अनुरोध किए जा रहे हैं।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..