खरगोन में 15 अवैध पिस्टल के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, कार भी जब्त

खरगोन। जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 अवैध देशी पिस्टल और एक कार जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 8.25 लाख रुपए बताई गई है।
एएसपी बिट्टू सहगल के अनुसार, 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध हथियार लेकर कार से घुघरियाखेड़ी क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने गोगावां फाटे के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका।
कार में सवार आरोपियों की पहचान विष्णु, रोहित उर्फ बाबू, लवकुश, शैलेन्द्र उर्फ गोलू और रामगोपाल उर्फ बिहारी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार से 15 अवैध पिस्टल बरामद हुईं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने हथियार सिगनुर से खरीदना बताया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस रिमांड के दौरान हथियारों की खरीद, आरोपियों के संपर्क और इनके इस्तेमाल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।