खरगोन में 6 साल की बच्ची पर कुत्ते ने किया हमला, गंभीर हालत में ICU में भर्ती

खरगोन। जिले के ग्राम बमनाला में गुरुवार शाम घर के आंगन में खेल रही 6 साल की बच्ची पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में ICU में उसका उपचार किया जा रहा है।

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार घायल बच्ची की पहचान नायरा पिता गोकूल के रूप में हुई है। नायरा की मां काजल ने बताया कि उनकी बेटी रोज की तरह घर के आंगन में खेल रही थी। शाम करीब 5 बजे अचानक एक कुत्ता उस पर झपट पड़ा और हमला कर दिया।
कुत्ते के हमले के बाद बच्ची के शरीर पर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। डरी-सहमी बच्ची काफी देर तक रोती रही। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
बच्ची की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया है। परिजन भी बच्ची के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं।