आशाराम बापू के उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग, योग वेदांत सेवा समिति ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

सीहोर। एक वृद्ध एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति के जीवन, स्वास्थ्य, उपचार, मानवीय गरिमा और संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा की मांग को लेकर गुरुवार को योग वेदांत सेवा समिति ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। समिति के संत आसाराम बापू आश्रम अध्यक्ष केके विश्वकर्मा के नेतृत्व में सेवादारों, कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं और नागरिकों ने डिप्टी कलेक्टर गिरराज परिहार को ज्ञापन दिया।
स्वास्थ्य और उपचार की व्यवस्था करने की मांग

समिति ने ज्ञापन में केंद्रीय कारागृह जोधपुर में निरुद्ध संत आसाराम बापू की स्वास्थ्य स्थिति पर चिंता जताई। ज्ञापन के अनुसार, लगभग 87 वर्षीय आसाराम बापू की स्वास्थ्य स्थिति गंभीर और बिगड़ती जा रही है। समिति ने न्यायालयों के आदेशों के अनुरूप आरोग्यम् हॉस्पिटल, जोधपुर में तत्काल उपचार और भर्ती की व्यवस्था कराने की मांग की।
इसके साथ ही समिति ने जेल में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और दैनिक जीवन से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
स्वास्थ्य स्थिति को लेकर जताई चिंता
ज्ञापन में कहा गया कि आसाराम बापू पिछले लगभग 13 वर्षों से जोधपुर केंद्रीय कारागार में निरुद्ध हैं और कई गंभीर एवं दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित हैं। समिति ने हाल में हुए गंभीर हृदयाघात, चिकित्सकों की सलाह और कारागार में उपलब्ध चिकित्सा एवं दैनिक सुविधाओं को लेकर चिंता व्यक्त की।
समिति ने राष्ट्रपति से मामले में आवश्यक हस्तक्षेप कर स्वास्थ्य, उपचार और मानवीय गरिमा से जुड़े अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान केके विश्वकर्मा, अभिषेक पांडे, अरुण देवड़ा, अशोक गोयल, महेश प्रजापति, हरीश प्रजापति, कैलाश प्रजापति, योगेंद्र सिंह परिहार, मुकेश मेवाड़ा, विजेंद्र सिंह, कुमेर सिंह मालवीय, राधेश्याम वर्मा, मुकेश परमार, अंकित भाटी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक उपस्थित रहे।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..