सोनकच्छ में नर्मदा-कालीसिंध लिंक परियोजना शीघ्र शुरू कराने की मांग, मुख्यमंत्री से मिले विधायक डॉ. राजेश सोनकर

सोनकच्छ। सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र में अल्प वर्षा के कारण किसानों के सामने बनी स्थिति को लेकर विधायक डॉ. राजेश सोनकर के नेतृत्व में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल स्थित वल्लभ भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र में कम बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने नर्मदा-कालीसिंध लिंक परियोजना के प्रथम चरण को शीघ्र शुरू कराने और किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का आग्रह किया।
देवास जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग
विधायक ने अल्प वर्षा को देखते हुए देवास जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने नर्मदा-कालीसिंध लिंक परियोजना के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सोनकच्छ आने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने दिया शीघ्र प्रयास का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल के आग्रह पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र में नर्मदा-कालीसिंध लिंक परियोजना को शीघ्र शुरू करवाकर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट : मकबूल पटेल, सोनकच्छ।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..