हरदा में पटाखा बाजार का पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने किया निरीक्षण

हरदा। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए आमजन की सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बुधवार, 4 नवंबर 2026 को पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) हरदा, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी सिविल लाइन और थाना प्रभारी यातायात मौजूद रहे।
दुकानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पटाखा दुकानों के लाइसेंस की वैधता, पटाखों के भंडारण, अग्निशमन व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और पार्किंग व्यवस्था की जांच की। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि पटाखों का भंडारण और बिक्री निर्धारित मात्रा तथा नियमानुसार ही की जाए।
उन्होंने दुकानों के आसपास धूम्रपान और किसी भी प्रकार की खुली लौ के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रखने, प्रत्येक दुकान पर अग्निशामक यंत्र उपलब्ध कराने और लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेज दुकान पर ही रखने के निर्देश दिए।
नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पटाखा बाजार में सुरक्षा संबंधी सभी निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। साथ ही यातायात और पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बाजार में आने वाले लोगों को परेशानी न हो।
उन्होंने निर्देश दिए कि बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री, अवैध भंडारण या अन्य नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : गोपाल शुक्ला, हरदा।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..