दतिया में कांग्रेस ने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का पुतला फूंका, टीआई हत्याकांड पर मांगा इस्तीफा

दतिया। मध्यप्रदेश में माफिया राज और कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने दतिया में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर जिला कांग्रेस संगठन महासचिव नरेंद्र गुर्जर और नगर कांग्रेस अध्यक्ष रज्जन भाई के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किला चौक पर उपमुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा का पुतला दहन किया।
टीआई हत्याकांड को लेकर सरकार पर निशाना
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने खातेगांव टीआई हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
पुलिस और कांग्रेसियों के बीच हुई झूमाझटकी

पुतला दहन रोकने के लिए पुलिस ने प्रयास किए। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। हालांकि, पुलिस के प्रयासों के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला जलाने में सफल रहे।
संगठन महासचिव नरेंद्र गुर्जर का हाथ झुलसा
पुतला दहन के दौरान जिला कांग्रेस संगठन महासचिव नरेंद्र गुर्जर का हाथ भी झुलस गया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
रिपोर्ट : विजय गोस्वामी, दतिया।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..