सीहोर में 44 करोड़ से बनेगी इंदौर नाके से स्टेशन ब्रिज तक फोरलेन सड़क, टेंडर प्रक्रिया शुरू

सीहोर। शहर के इंदौर नाके से रेलवे स्टेशन ब्रिज तक आवागमन करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने करीब 44 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 4 किलोमीटर लंबी फोरलेन सीसी सड़क बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। परियोजना में सड़क निर्माण के साथ आधुनिक विद्युतीकरण का कार्य भी शामिल है।
इन प्रमुख चौराहों से होकर गुजरेगी फोरलेन सड़क

प्रस्तावित फोरलेन सड़क इंदौर नाके से शुरू होकर प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर, मठ मंदिर गजकेशरी कॉलोनी, गणेश मंदिर चौराहा, शुगर फैक्ट्री चौराहा और लुनिया चौराहे से होते हुए रेलवे स्टेशन ब्रिज तक पहुंचेगी। इस मार्ग के निर्माण से शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों और रेलवे स्टेशन तक पहुंचना आसान होगा।
जर्जर सड़क और अंधेरे से मिलेगी राहत

इस मार्ग पर लंबे समय से सड़क की खराब हालत, गड्ढों और पर्याप्त रोशनी की कमी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ हादसों का खतरा भी बना रहता है।
फोरलेन सीसी सड़क बनने से आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है। त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान लगने वाले जाम से भी राहत मिल सकती है।
विधायक सुदेश राय के प्रयासों से मिली स्वीकृति

जानकारी के अनुसार, सीहोर विधायक सुदेश राय के प्रयासों से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर नाके से स्टेशन ब्रिज तक फोरलेन सीसी सड़क और विद्युतीकरण के लिए 44 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की थी। अब टेंडर प्रक्रिया के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है।
स्थानीय रहवासियों ने जताई खुशी
मठ मंदिर गजकेशरी कॉलोनी निवासी राधेश्याम और गणेश मंदिर के पास रहने वाले राकेश वर्मा ने बताया कि इंदौर नाके से गणेश मंदिर तक का मार्ग काफी जर्जर और संकरा है। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फोरलेन सड़क बनने से स्थानीय रहवासियों के साथ मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
शहर के इस हिस्से में नई कॉलोनियों के विस्तार और बढ़ती आवाजाही को देखते हुए फोरलेन सड़क की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब शहरवासियों को टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है।
आदर्श न्यूज़ | MP-CG | खबरें दिल से..