नर्मदा नदी में अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 पनडुब्बी और 7 ट्रैक्टर जब्त

सीहोर/भैरूंदा। भैरूंदा क्षेत्र में नर्मदा नदी से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतों के बीच खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सीहोर कलेक्टर बाला गुरु के. के. निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने नर्मदा तट के नीलकंठ और टिगली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 2 पनडुब्बी मशीन और 7 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में रात के अंधेरे में नर्मदा नदी से अवैध रूप से रेत निकाले जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसके बाद खनिज विभाग के अधिकारी राजकुमार वराठे के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
2 पनडुब्बी और 7 ट्रैक्टर जब्त
कार्रवाई के दौरान नर्मदा नदी क्षेत्र से रेत उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही 2 पनडुब्बी मशीनों और 7 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को थाना भैरूंदा और रेहटी की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग द्वारा जब्त वाहनों के संबंध में खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत उत्खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

अवैध उत्खनन पर कार्रवाई जारी रहने की जरूरत
नर्मदा नदी में अवैध रेत उत्खनन को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में विभाग की अचानक हुई कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर भी अवैध उत्खनन पर लगातार कार्रवाई की मांग उठती रही है।
रिपोर्ट : अरुण सोनी भैरूंदा, आदर्श न्यूज़